गाज़ियाबाद, रविवार को गाज़ियाबाद के हिसाली गाँव स्थित पावन चिंतन धारा आश्रम में के सिद्ध ध्यान मंदिर में माँ दुर्गा की नई प्रतिमा का अनावरण हुआ और घट स्थापना की गयी| पुरोहित जी द्वारा मंत्रोच्चार के साथ, श्रीगुरु पवन जी ने माँ का आवाहन किया| तत्पश्चात माँ को पुष्पांजलि अर्पित की गयी|
श्रीगुरु पवन जी ने अपने संक्षिप्त उद्बोधन में माँ की शक्ति व आशीर्वाद का वर्णन करते हुए बताया कि पावन चिंतन धारा आश्रम का निर्माण का अपना अद्भुत इतिहास है| श्रीगुरुजी ने उद्बोधन में बताया कि हमें किसी भी परिस्थिति के लिए हमेशा तैयार रहना चाहिए| संघर्ष तो सभी के जीवन में आपन हैं| वास्तव में यही वह समय होता है जब व्यक्ति अपने को अच्छी तरह जांच-परख पाता है और परेशानियों से बहार आने का प्रयत्न करता है| उद्बोधन के पश्चात आश्रम में स्थित शिव क्षेत्र में शिव परिवार की प्रतिमा का अनावरण भी हुआ| आश्रम में विराजे शिव परिवार में भोले बाबा के साथ माँ पार्वती, पुत्र गणेश, पुत्र कार्तिकेय और पुत्री अशोक सुंदरी भी विराजती हैं|
तत्पश्चात श्रीगुरुजी के सान्निध्य में आश्रम में स्थित यज्ञशाला में “महायज्ञ” शक्ति मन्त्र से 1008 मन्त्रों की आहुति दी गयी| उसके बाद माँ की प्राण-प्रतिष्ठा हेतु नवरात्री अखंड जप आरंभ हुआ| यह जप दिन-रात लगातार नवमी तक चलेगा|
तत्पश्चात25 मार्च को सायं 5 बजे से 26 मार्च को प्रातः 6:30 बजे तक “दुर्गा नवमी एवं राम नवमी” का भव्य उत्सव मनाया जायेगा| दशमी को प्रातः सूर्योदय के समय यज्ञ के पश्चात् व्रत का पारण होगा|